Jamshedpur Breaking: जमशेदपुर के बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक में शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में एमजीएम मेडिकल कॉलेज के दोनों जूनियर डॉक्टरों के शव बरामद कर लिए गए हैं. कई घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद पहले सक्षम सिंह और फिर समीर का शव पानी से निकाला गया. इस घटना के बाद एमजीएम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल परिसर में शोक का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, एमजीएम मेडिकल कॉलेज के तीन जूनियर डॉक्टर समीर, यश और सक्षम सिंह गुरुवार रात अस्पताल में नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद शुक्रवार तड़के घूमने के लिए डिमना लेक पहुंचे थे. इसी दौरान वे प्रतिबंधित क्षेत्र की ओर चले गए. बताया जा रहा है कि एक डॉक्टर का मोबाइल पानी में गिर गया था, जिसे निकालने की कोशिश में तीनों गहरे पानी में उतर गए.
इस दौरान यश किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन समीर और सक्षम सिंह गहरे पानी में डूब गए. सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया.
कई घंटों की तलाश के बाद पहले सक्षम सिंह का शव बरामद हुआ. इसके बाद लगातार चलाए गए रेस्क्यू अभियान में समीर का शव भी पानी से निकाल लिया गया. इसके साथ ही दोनों डॉक्टरों की तलाश का अभियान समाप्त हो गया.
बताया जा रहा है कि सक्षम सिंह पलामू (डाल्टनगंज) के रहने वाले थे, जबकि समीर जमशेदपुर के काशीडीह निवासी थे. वहीं हादसे में बचने वाले यश सोनारी के रहने वाले हैं. तीनों एमजीएम मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर थे.
घटना के बाद एमजीएम अस्पताल के डॉक्टर, मेडिकल छात्र और परिजन बड़ी संख्या में डिमना लेक पहुंचे. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच भी की जा रही है.