CJP Website Launch: NEET पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है. पार्टी ने अब 20 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ नया एक्शन प्लान तैयार किया है. CJP ने ऐलान किया है कि वह एक विशेष वेबसाइट लॉन्च करेगी, जहां प्रदर्शनकारी कथित पुलिस कार्रवाई से जुड़े फोटो और वीडियो अपलोड कर सकेंगे.
20 जुलाई की कार्रवाई को लेकर जताया विरोध
CJP का दावा है कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और समर्थकों पर दिल्ली पुलिस तथा RAF के जवानों ने बल प्रयोग किया, जिसमें कई लोग घायल हुए. पार्टी का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया गया और कई लोगों को गंभीर चोटें आईं.
वेबसाइट पर अपलोड होंगे फोटो और वीडियो
CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि पार्टी ऐसी वेबसाइट शुरू करने जा रही है, जहां प्रदर्शनकारी उन पुलिसकर्मियों की तस्वीरें और वीडियो अपलोड कर सकेंगे, जिन पर कार्रवाई के दौरान दुर्व्यवहार के आरोप हैं. उन्होंने कहा कि इन शिकायतों और साक्ष्यों की जांच की जाएगी तथा संबंधित अधिकारियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की पहल की जाएगी.
FIR नहीं हुई तो कोर्ट जाएंगे
सौरव दास ने कहा कि पार्टी संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज कराने की कोशिश करेगी. यदि शिकायत दर्ज नहीं की जाती है, तो CJP अदालत का दरवाजा खटखटाएगी. उनका दावा है कि देशभर के कई वकील इस अभियान में कानूनी सहयोग देने के लिए तैयार हैं.
पुलिस अधिकारियों को जवाबदेह ठहराने की बात
CJP प्रवक्ता ने कहा कि जिन पुलिस अधिकारियों पर प्रदर्शनकारियों के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोप हैं, उन्हें जवाबदेह बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि पार्टी इस पूरे मामले को कानूनी तरीके से आगे बढ़ाएगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की मांग करेगी.