Dhanbad News : सदर अस्पताल परिसर में प्रस्तावित 400 बेड के नए अस्पताल के निर्माण के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जमीन का सीमांकन और बाउंड्री वॉल निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। निर्माण कार्य शुरू होते ही कुछ स्थानीय लोगों ने जमीन पर अपना दावा जताते हुए विरोध किया, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
निजी जमीन होने का दावा, निर्माण रोकने की मांग
विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि जिस जमीन पर जिला प्रशासन बाउंड्री वॉल का निर्माण करा रहा है, वह उनकी निजी भूमि है। उनका आरोप है कि बिना जांच प्रक्रिया पूरी किए प्रशासन जबरन घेराबंदी कर रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य तत्काल रोकने और पहले जमीन के स्वामित्व की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
प्रशासन ने बताया सरकारी जमीन, सुरक्षा के बीच जारी है काम
मौके पर मौजूद धनबाद सीओ रामप्रवेश कुमार ने स्पष्ट किया कि खाता संख्या-126 की उक्त भूमि सरकारी अभिलेखों में सरकारी जमीन दर्ज है। उन्होंने कहा कि सीमांकन और बाउंड्री वॉल का निर्माण राजस्व अभिलेखों के आधार पर कराया जा रहा है। यदि किसी व्यक्ति का इस भूमि पर दावा है, तो वह अपने वैध दस्तावेज जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करे। प्रशासन नियमानुसार सभी आपत्तियों की जांच करेगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सीओ ने बताया कि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था के बीच निर्माण कार्य कराया जा रहा है। फिलहाल जिला प्रशासन की निगरानी में बाउंड्री वॉल का निर्माण जारी है।