Himachal Landslide Tragedy: हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति और चंबा जिले की सीमा पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर भूस्खलन के दौरान एक विशाल चट्टान चलती टाटा सूमो पर गिर गई. इस हादसे में 6 महीने की बच्ची समेत 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं.
सड़क खुलते ही हुआ दर्दनाक हादसा
लगातार बारिश के कारण उदयपुर-किलाड़ मार्ग बंद था. प्रशासन की ओर से रास्ता बहाल किए जाने के कुछ ही समय बाद कडू नाला (राहौली) के पास अचानक पहाड़ी से भारी चट्टान टूटकर गुजर रही टाटा सूमो कमर्शियल वाहन पर आ गिरी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई. राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन अधिकांश यात्रियों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी.
पांगी घाटी के लोगों पर टूटा दुखों का पहाड़
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों में अधिकतर लोग चंबा जिले की पांगी घाटी के रहने वाले थे. मृतकों में 6 महीने की एक बच्ची भी शामिल है. दो घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. प्रशासन मृतकों की पहचान और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने में जुटा है.
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से भारी बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने से बचने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बना हुआ है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है. फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा के इंतजाम बढ़ा दिए गए हैं.