Ramgarh Brown Sugar Arrest : जिला पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 40 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई है। पतरातू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघवेंद्र शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 24 जुलाई को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बिना नंबर की काले रंग की बजाज बाइक पर सवार तीन व्यक्ति ब्राउन शुगर लेकर रामगढ़ की ओर जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। अंचलाधिकारी पतरातू की मौजूदगी में भदानीनगर ओपी गेट के सामने मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच और एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान मतकमा चौक की ओर से आ रही एक बजाज बाइक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन बाइक सवार भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 13.65 ग्राम वजन की 40 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भदानीनगर ओपी में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
इलेक्ट्रॉनिक तराजू, बाइक और मोबाइल भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से 40 पुड़िया ब्राउन शुगर के अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, क्रीम रंग का टेप का बंडल, बिना नंबर की बजाज मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एजाज अंसारी उर्फ विक्की, अजमत अंसारी और राहुल कुमार बेदिया के रूप में हुई है। तीनों पतरातू थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक सत्येंद्र सिंह, भदानीनगर ओपी प्रभारी मो. अख्तर अली, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।