Simdega News: सिमडेगा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लाखों रुपये मूल्य के करीब 150 ग्राम सोने के आभूषण, एक किलोग्राम से अधिक चांदी के जेवर, चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक और अन्य औजार बरामद किए गए हैं। इसके अलावा चोरी के सामान को बेचकर बैंक में जमा किए गए तीन लाख रुपये भी पुलिस ने फ्रीज करा दिए हैं। यह कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के हरिजन टोली में हुई चोरी की घटना की जांच के दौरान की गई।
जशपुर और गुमला में छापेमारी कर दो आरोपी गिरफ्तार
रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी श्रीकांत एस. खोटरे ने बताया कि तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आरोपियों के छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद डीएसपी मुख्यालय रणवीर सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जशपुर में छापेमारी कर अनिकेत टोप्पो को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी सैफ अली को गुमला के गांधी नगर क्षेत्र से दबोचा गया, जिसके बाद चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया।
दोनों आरोपियों पर कई राज्यों में दर्ज हैं मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और उनके खिलाफ सिमडेगा में पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों में भी छह से अधिक केस दर्ज हैं तथा दोनों पहले जेल जा चुके हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। एसपी ने कहा कि संगठित अपराध पर सख्ती से कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।