Palamu: पलामू जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हुसैनाबाद थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने ट्रक को जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने चलाया वाहन जांच अभियान
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई की रात पलामू एसपी को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश नंबर का एक ट्रक अवैध गांजा लेकर जपला की ओर से छतरपुर की तरफ जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद एसपी के निर्देश पर हुसैनाबाद एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद हुसैनाबाद थाना पुलिस और सशस्त्र बल की टीम ने जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग पर महुडरिया के पास जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध ट्रक संख्या UP-14 FT-6583 को रोककर उसकी तलाशी ली।
ट्रक के अंदर बनाए गए गुप्त बॉक्स में छिपाया गया था गांजा
तलाशी के दौरान पुलिस को ट्रक में बनाए गए एक विशेष चेंबर पर शक हुआ। जांच करने पर उस गुप्त स्थान से प्लास्टिक की 10 बोरियां बरामद हुईं। इन बोरियों में गांजा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने बताया कि बरामद गांजे का कुल वजन करीब 320 किलोग्राम है। गांजे के साथ ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है।
चालक गिरफ्तार, तस्करी से जुड़े लोगों की तलाश जारी
पुलिस जांच में बरामद पदार्थ की एफएसएल जांच कराई गई, जिसमें उसके गांजा होने की पुष्टि हुई। मामले में ट्रक चालक राजेश यादव (45 वर्ष), निवासी मदनपुर, थाना छतरपुर, पलामू को गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में हुसैनाबाद थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C), 25 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए आगे की जांच जारी है।