Strait Of Hormuz Incident: दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल होर्मुज जलडमरूमध्य से एक बड़ी खबर सामने आई है. ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि रविवार को यहां एक तेल टैंकर में विस्फोट हुआ.
रिपोर्टों के मुताबिक, टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग (Sea Mine) की चपेट में आ गया था. बताया जा रहा है कि जहाज निर्धारित शिपिंग रूट से हट गया था और इसी दौरान हादसा हुआ. ईरानी मीडिया का कहना है कि जहाज ने तय समुद्री मार्ग का पालन नहीं किया. इसके बाद वह उस क्षेत्र में पहुंच गया, जहां समुद्री सुरंग मौजूद थी.
हालांकि, इस घटना को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि टैंकर किस देश का था, उसका गंतव्य क्या था और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं या नहीं. नुकसान की वास्तविक स्थिति भी अभी सामने नहीं आई है.
होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल व्यापार का सबसे अहम मार्ग माना जाता है. दुनिया की बड़ी मात्रा में तेल आपूर्ति इसी रास्ते से होकर गुजरती है.
ऐसे में इस क्षेत्र में होने वाली किसी भी घटना पर अंतरराष्ट्रीय बाजार और समुद्री सुरक्षा एजेंसियों की नजर रहती है. फिलहाल संबंधित अधिकारियों की ओर से विस्तृत बयान का इंतजार किया जा रहा है. घटना की स्वतंत्र पुष्टि होने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.