Adityapur Toll Bridge: सरायकेला जिले के आदित्यपुर टोल ब्रिज पर रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बेकाबू ट्रेलर टोल बूथ को तोड़ते हुए आगे निकल गया. इसके बाद चालक ने मरीन ड्राइव की ओर तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए रास्ते में कई वाहनों को टक्कर मारी. हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर तेज रफ्तार में आगे बढ़ता रहा और इस दौरान सड़क के डिवाइडर से भी टकरा गया. ट्रेलर की खतरनाक ड्राइविंग देखकर आसपास मौजूद लोग सक्रिय हो गए.
स्थानीय लोगों ने अपने वाहनों से ट्रेलर का पीछा किया और आगे जाकर चालक पर वाहन रोकने का दबाव बनाया. काफी मशक्कत के बाद ट्रेलर रुका.
इसके बाद लोगों ने ट्रेलर पर चढ़कर उसकी चाबी अपने कब्जे में ले ली, ताकि चालक दोबारा वाहन लेकर भाग न सके. घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई.
सूचना मिलने पर सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर अपने साथ थाना ले गई. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रेलर चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
पुलिस ने ट्रेलर संख्या JH05DK0549 को भी अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.