Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह कैनाल में रविवार सुबह नग्न अवस्था में मिले महिला के शव की पहचान जुगसलाई के बंगाली पाड़ा निवासी 45 वर्षीय किरण देवी के रूप में हुई है. पहचान होने के बाद मामला और भी उलझ गया है. बताया जा रहा है कि महिला सुबह करीब साढ़े चार बजे घर से घर से निकली थी, जबकि करीब सात बजे उसका शव कैनाल में तैरता मिला. कम समय में हुई इस पूरी घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया.
इस मामले में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर है कि महिला का शव नग्न अवस्था में मिला. ऐसे में स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं. कई लोग इसे संदिग्ध मौत मान रहे हैं और हत्या या किसी अन्य अप्रिय घटना की संभावना से भी इनकार नहीं कर रहे हैं.
दूसरी ओर, परसुडीह थाना की ओर से अनौपचारिक स्तर पर इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला माना जा रहा है. हालांकि पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. यदि जांच में आत्महत्या की पुष्टि होती है, तो नग्न अवस्था में शव मिलने का पहलू भी जांच का महत्वपूर्ण विषय होगा.
जानकारी यह भी सामने आई है कि किरण देवी ने दूसरी शादी की थी. वहीं रविवार को उनके मायके में उनके भाई की सगाई का कार्यक्रम भी था. ऐसे में घटना ने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इन तथ्यों का घटना से कोई संबंध है या नहीं.
मृतका के परिजन भी परसुडीह थाना पहुंचे, लेकिन उन्होंने मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया. पुलिस भी फिलहाल पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए है.
अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी है. इसी के बाद यह साफ हो सकेगा कि यह आत्महत्या का मामला है, हादसा है या फिर किसी आपराधिक घटना का परिणाम