सत्यापन पूरा नहीं हुआ तो पड़ सकता है असर
निर्वाचन विभाग के अनुसार, विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन और सटीक बनाना है. इसी वजह से सभी मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा है. जिन लोगों ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है, उन्हें जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में बना रहे.
फॉर्म जमा करने के लिए कई सुविधाएं उपलब्ध
विभाग ने बताया है कि मतदाता अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी यानी बीएलओ के पास सीधे गणना प्रपत्र जमा कर सकते हैं. इसके अलावा किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन 1950, मतदाता सेवा पोर्टल और ईसीआईनेट मोबाइल ऐप का भी इस्तेमाल किया जा सकता है. इन माध्यमों से मतदाता प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं.
निर्वाचन विभाग ने समय रहते प्रक्रिया पूरी करने को कहा
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने कहा है कि अंतिम दिनों में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोग आखिरी समय का इंतजार न करें. समय रहते गणना प्रपत्र जमा करने से पात्र मतदाताओं का नाम सूची में सुरक्षित रहेगा और मतदाता सूची को भी अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में मदद मिलेगी. फिलहाल विभाग 29 जुलाई तक अधिक से अधिक गणना प्रपत्र प्राप्त करने के अभियान पर फोकस कर रहा है.