Seraikela: सरायकेला जिले में चल रहे विकास और निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने सोमवार को समीक्षा बैठक की। अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित बैठक में उन्होंने सभी कार्यान्वयन एजेंसियों को योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने और गुणवत्ता बनाए रखने का सख्त निर्देश दिया। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, जिला योजना पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित भवन निर्माण, लघु सिंचाई, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग और जिला परिषद के कार्यपालक एवं कनीय अभियंता मौजूद रहे।
स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और पेयजल योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान जिला परिषद, डीएमएफटी और अन्य योजनाओं के तहत चल रहे स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, भवन निर्माण, सड़क और आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो योजनाएं लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। वहीं, पूर्ण हो चुकी योजनाओं का जल्द से जल्द हस्तांतरण कर आम लोगों को उसका लाभ उपलब्ध कराया जाए।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं
डीडीसी ने कहा कि सभी विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी। निर्माण कार्यों में स्वीकृत प्राक्कलन, तकनीकी मानकों और निविदा की शर्तों का पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी योजना में गुणवत्ता की कमी, लापरवाही या नियमों की अनदेखी पाई जाती है, तो संबंधित संवेदक और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
काम शुरू नहीं करने वाले संवेदकों पर होगी कार्रवाई
बैठक में उन संवेदकों की भी समीक्षा की गई, जिन्होंने अब तक कार्य शुरू नहीं किया है या बिना उचित कारण के योजनाओं में देरी कर रहे हैं। उप विकास आयुक्त ने ऐसे संवेदकों के खिलाफ संविदा की शर्तों के अनुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने का निर्देश
उप विकास आयुक्त ने कहा कि जिले में विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग और कार्य एजेंसियां पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करें, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंच सके।