Seraikela: सरायकेला-राजनगर मुख्य मार्ग पर स्थित दो जर्जर पुलों की मरम्मत का कार्य जारी है.हालांकि, जिला प्रशासन द्वारा भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाए जाने के बावजूद लगातार ट्रकों और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही हो रही है. इससे मरम्मत कार्य की गुणवत्ता के साथ-साथ पुल पर काम कर रहे मजदूरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।
प्रशासन के आदेश की हो रही अनदेखी
पुलों की जर्जर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है और मौके पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं. इसके बावजूद कई वाहन चालक आदेशों की अनदेखी करते हुए पुल से गुजर रहे हैं।
मरम्मत कार्य प्रभावित होने की आशंका
पुल पर कार्यरत मजदूरों का कहना है कि भारी वाहनों के दबाव से मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहा है.उनका कहना है कि जिन हिस्सों की मरम्मत की जा चुकी है, उनके दोबारा क्षतिग्रस्त होने की आशंका बढ़ गई है. साथ ही, काम के दौरान दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है.
रात में बैरिकेड हटाने का आरोप
मजदूरों के अनुसार, दिन के समय बैरिकेड लगाकर भारी वाहनों को रोका जाता है, लेकिन रात में कुछ लोग बैरिकेड हटाकर वाहनों को पुल से गुजरने देते हैं. उन्होंने जिला प्रशासन से रात के समय भी सख्त निगरानी रखने और प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराने की मांग की है, ताकि मरम्मत कार्य सुरक्षित और समय पर पूरा हो सके.