Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-28

Jharkhand Rain Alert: ओडिशा में बने डीप डिप्रेशन से झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट, 4 जिलों में ऑरेंज तो 10 में येलो अलर्ट

Jharkhand Rain Alert: झारखंड में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे दबाव (डीप डिप्रेशन) का असर अब राज्यभर में देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटे कई जिलों के लिए बेहद संवेदनशील रहेंगे. भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 जुलाई के लिए सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी और गुमला में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग का कहना है कि लगातार तेज बारिश से निचले इलाकों में जलभराव, सड़क संपर्क प्रभावित होने और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है.

10 जिलों में येलो अलर्ट, सावधानी बरतने की सलाह
इसके अलावा रांची, रामगढ़, लोहरदगा, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी भारी बारिश की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने को कहा गया है.

अगले दिनों में इन इलाकों पर भी रहेगा बारिश का असर
मौसम विभाग के अनुसार 29 जुलाई को सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा और लातेहार में फिर से भारी बारिश हो सकती है. वहीं 2 अगस्त को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी तेज वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है.

बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवा की भी चेतावनी
बारिश के अलावा 28 जुलाई से 1 अगस्त तक पूरे झारखंड में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचें.

पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश मांझारी में
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 167.2 मिमी वर्षा पश्चिमी सिंहभूम के मांझारी में रिकॉर्ड की गई. कई अन्य इलाकों में भी भारी से अत्यधिक बारिश हुई, जिससे नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा है.

तापमान में पहले गिरावट, फिर बढ़ोतरी के संकेत
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. इसके बाद अगले चार दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है.



रांची में दिनभर बादल और रुक-रुक कर बारिश
राजधानी रांची में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने और बीच-बीच में मध्यम बारिश होने का अनुमान है. शहर का अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. मौसम विभाग का कहना है कि 29 जुलाई से 1 अगस्त के बीच भी रांची में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !