Jamshedpur News: भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान चलाने की घोषणा की है। मंगलवार को साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अभियान की रूपरेखा साझा की गई। यह अभियान 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल और ग्राम स्तर पर संचालित किया जाएगा।
सामाजिक समरसता और समानता का संदेश पहुंचाएगी भाजपा
जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के पथप्रदर्शक थे। उनका बेगमपुरा का दर्शन समानता और भेदभाव रहित समाज की परिकल्पना प्रस्तुत करता है।
दीप महोत्सव, कलश वंदन और समरसता यात्रा होंगे अभियान का हिस्सा
उन्होंने बताया कि अभियान के शुभारंभ पर 29 जुलाई की शाम समरसता दीप महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलित कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा। इसके अलावा कलश वंदन अभियान के तहत वाराणसी स्थित सीर गोवर्धनपुर से पवित्र मिट्टी से भरे कलश देशभर के राज्यों, जिलों और मंडलों तक पहुंचाए जाएंगे। 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से वाराणसी तक संत गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा भी निकाली जाएगी। अभियान के दौरान संत संपर्क अभियान, छात्रावास संपर्क अभियान, समरसता संवाद, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनजागरण गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
सबका साथ, सबका विकास की भावना को मिलेगा बल
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास का मूल भाव संत गुरु रविदास महाराज के विचारों से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जनआंदोलन है।
उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान के तहत भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता विभिन्न धार्मिक परंपराओं के संत-महात्माओं से भेंट कर उनका सम्मान करेंगे और सामाजिक समरसता का संदेश देंगे। अभियान के सफल संचालन के लिए जिला और मंडल स्तर पर आयोजन समितियों का गठन किया गया है। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा, जिला महामंत्री राजीव सिंह और जिला कार्यालय मंत्री संजीत चौरसिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।