Jamshedpur News:जमशेदपुर में चल रहे 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) ने सिविल कोर्ट परिसर स्थित न्याय सदन में विधिक जागरूकता प्रदर्शनी का आयोजन किया. प्रदर्शनी का उद्देश्य आम लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता, उनके अधिकारों और विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी देना रहा.
कानूनी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन डालसा के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में किया गया. प्रदर्शनी में निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, पीड़ित प्रतिकर योजना, पारा विधिक स्वयंसेवक (अधिकार मित्र) और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित की गई.
बड़ी संख्या में पहुंचे लोग
प्रदर्शनी में न्यायालय आने वाले वादकारी, अधिवक्ता, विद्यार्थी और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. आगंतुकों ने विभिन्न विधिक सेवाओं की जानकारी प्राप्त की, जबकि जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उन्हें पुस्तिकाएं और सूचना सामग्री भी वितरित की गई.
न्याय तक आसान पहुंच बनाने पर जोर
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि प्रदर्शनी के दौरान मध्यस्थ अधिवक्ताओं, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्यों, अधिकारियों और पारा विधिक स्वयंसेवकों ने लोगों को विधिक सेवाओं की उपलब्धता, पात्रता, लोक अदालत और मध्यस्थता सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान समाज के कमजोर और वंचित वर्गों तक न्याय की आसान और प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.