Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-06-29

Jharkhand Electricity: झारखंड में अब ट्रांसफार्मर नहीं जलने देंगे डीटीआर, जानें कैसे पावर कट से मिलेगी राहत

Jharkhand Electricity : झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड झारखंड में अब ऐसा इंतजाम कर रहा है कि ट्रांसफॉर्मर का जलना पुरानी बात हो जाएगी। ट्रांसफॉर्मर नहीं जलेंगे और इस वजह से उपभोक्ताओं को पावर कट से होने वाली दिक्कत खत्म हो जाएगी। इसके लिए बिजली विभाग झारखंड के सभी ट्रांसफॉर्मरों में डिजिटल ट्रांसफॉर्मर मीटर डीटीआर लगा रहा है। यह मीटर झारखंड के विभिन्न जिलों में लगाए जा रहे हैं। कोल्हान में भी डीटीआर लगाने का काम तेजी से चल रहा है। यह डीटीआर ट्रांसफार्मरों के लिए रक्षा कवच साबित होंगे। ट्रांसफार्मर नहीं जलेंगे तो उस इलाके की बिजली गुल नहीं होगी। यही नहीं, संबंधित फीडर को शट डाउन से भी निजात मिलेगी। क्योंकि, विभाग जले ट्रांसफार्मर की मरम्मत करने या नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए फीडर को ही बंद कर देता है। कोल्हान में डीटीआर लगाने का काम शुरू है। जमशेदपुर सर्किल के मानगो, जमशेदपुर, घाटशिला और आदित्यपुर इलाके में लगाए जा रहे हैं। यह डिजिटल ट्रांसफार्मर मीटर बिजली विभाग के कंट्रोल रूम से कनेक्ट रहेंगे।

सभी ट्रांसफार्मरों में लगेंगे डीटीआर

जमशेदपुर सर्किल में मानगो, जमशेदपुर, घाटशिला और आदित्यपुर इलाके आते हैं। इन इलाकों में अभी 2158 ट्रांसफॉर्मर लगाए गए हैं। यह सभी ट्रांसफॉर्मर दो लाख 15 हजार 873 केवीए लोड के हैं। डिजिटल ट्रांसफॉर्मर मीटर लग जाने के बाद पता चलेगा कि आखिर इन ट्रांसफॉर्मरों पर वास्तव में क्या लोड है। अगर लोड बढ़ेगा तो इसकी जानकारी फौरन विभाग के कंट्रोल रूम को पता चल जाएगी। कम क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर हटा कर उनकी जगह अधिक क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे।

ट्रांसफॉर्मर के लोड का चल जाएगा पता

डिजिटल ट्रांसफॉर्मर मीटर ट्रांसफॉर्मरों के लोड बताएगा। मीटर यह बताएगा कि किस ट्रांसफॉर्मर में कितना लोड है। अगर किसी ट्रांसफॉर्मर में लोड बढ़ जाएगा तो उस ट्रांसफॉर्मर को विभाग हटा कर वहां अधिक क्षमता का ट्रांसफॉर्मर लगा देगा। इस तरह, अधिक लोड से ट्रांसफॉर्मर नहीं जलेगा। अभी अधिकतर ट्रांसफॉर्मर लोड बढ़ने की वजह से जल जाते हैं। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कई उपभोक्ता लोड कम दिखा कर कनेक्शन लेते हैं जबकि, उनके घर में अधिक लोड बिजली की खपत होती है। मगर, अब यह मीटर ट्रांसफॉर्मर के फुल लोड को बताएगा, जिससे बिजली विभाग को स्थिति समझने में आसानी होगी। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार ने बताया कि अगर कोई ट्रांसफॉर्मर 100 केवीए का है और उस पर 150 केवीए का लोड पड़ रहा है। तो उस ट्रांसफॉर्मर को हटा कर वहां 200 केवीए का ट्रांसफॉर्मर लगा दिया जाएगा।

दो साल में पूरा होना है काम

जमशेदपुर में डिजिटल ट्रांसफॉर्मर मीटर लगाने का काम शुरू हो गया है। यह काम तेजी से चल रहा है। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि मानगो, घाटशिला, जमशेदपुर और आदित्यपुर में सभी ट्रांसफॉर्मरों में डिजिटल ट्रांसफॉर्मर मीटर लगाने का काम दो साल में पूरा कर लिया जाएगा। डिजिटल ट्रांसफॉर्मर मीटर लगाने का काम सिक्योर कंपनी कर रही है। कंपनी को हिदायत दी गई है कि वह यह काम तेजी से करे ताकि समय सीमा के अंदर डिजिटल ट्रांसफॉर्मर मीटर लगाने का काम पूरा किया जा सके।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !