Jamshedpur News: जमशेदपुर के भुइयाडीह स्थित इंद्रानगर और कल्याणनगर के निवासी बुधवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और संभावित अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में प्रदर्शन किया. उन्होंने प्रशासन से कार्रवाई रोकने और पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की.
145 मकानों पर कार्रवाई की आशंका
145 मकानों पर कार्रवाई की आशंका है. स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्ष 2023 में शहर की 86 बस्तियों के सर्वे के दौरान इंद्रानगर और कल्याणनगर के 145 मकानों को सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की श्रेणी में चिन्हित किया गया था. उनका दावा है कि संबंधित परिवारों को उस समय नोटिस भी दिया गया था.
बस्तीवासियों ने चिंता जताई है कि 6 अगस्त को दंडाधिकारी की मौजूदगी में बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. हालांकि, जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक आदेश या पुष्टि सार्वजनिक नहीं की गई है.
उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर किया प्रदर्शन
उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर बड़ी संख्या में बस्तीवासी प्रदर्शन किया और प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए कार्रवाई पर रोक लगाने की अपील की. प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री बना गुप्ता और मानगो नगर निगम की महापौर सुधा गुप्ता वहां से गुजर रहे थे. बस्तीवासियों ने उनका वाहन रोककर अपनी समस्या से अवगत कराया और समाधान कराने का अनुरोध किया.
बना गुप्ता और महापौर से भी की मुलाकात
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि यदि विस्थापन की नौबत आती है तो प्रभावित परिवारों को पहले प्रधानमंत्री आवास योजना या सरकार की किसी अन्य आवासीय योजना के तहत वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराया जाना चाहिए. इसके बाद ही किसी प्रकार की कार्रवाई पर विचार किया जाना चाहिए.
फिलहाल प्रशासन की ओर से प्रस्तावित कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. ऐसे में बस्तीवासियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है.