East Singhbhum Crime: पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र में पिछले वर्ष हुई विवाहिता विनीता सिंह की संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। जिस घटना को शुरुआत में अस्वाभाविक मौत (यूडी केस) मानकर जांच की जा रही थी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद वह अब हत्या का मामला बन गया है। पुलिस ने नए तथ्यों के आधार पर यूडी केस को हत्या की धाराओं में परिवर्तित कर नई प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
ससुराल वालों ने किया था जहर खाने का दावा, रिपोर्ट ने खोली पोल
घटना के वक्त ससुराल पक्ष ने पुलिस को यह जानकारी दी थी कि विनीता सिंह की मौत जहर खाने से हुई है। इसी आधार पर बोड़ाम पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। हालांकि, मेडिकल जांच रिपोर्ट ने ससुराल वालों के दावों को झूठा साबित कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार, विनीता की मौत किसी बीमारी या जहर से नहीं, बल्कि सिर व शरीर पर किसी कठोर एवं भोथरे हथियार से किए गए गंभीर वार के कारण हुई थी।
पति सदानंद सिंह बना नामजद आरोपी, पुलिस कर रही छापेमारी
सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना अंतर्गत चालियामा गांव की रहने वाली विनीता सिंह की शादी बोड़ाम के झिझिरगोड़ा गांव निवासी सदानंद सिंह से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर बोड़ाम थाना के सहायक अवर निरीक्षक (ASI) सुरेश प्रसाद वर्मा के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया है, जिसमें मृतका के पति सदानंद सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया है।
पुलिस की आगे की कार्रवाई
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने नामजद आरोपी पति सदानंद सिंह की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक व वैज्ञानिक साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है ताकि पीड़िता को न्याय दिलाया जा सके।