Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-29

Ranchi News: रांची सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने किया सर्वाइकल स्पाइनल कॉर्ड के जटिल ट्यूमर का सफल ऑपरेशन; 57 वर्षीय महिला को मिला नया जीवन

Ranchi News: राजधानी रांची स्थित सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. एक जटिल न्यूरोसर्जरी कर 57 वर्षीय महिला को नई जिंदगी दी है. औरंगाबाद निवासी बिंदु देवी के सर्वाइकल स्पाइनल कॉर्ड में ट्यूमर था, जिससे वह पिछले करीब तीन वर्षों से गंभीर परेशानी झेल रही थीं. सफल ऑपरेशन के बाद अब उनकी हालत में तेजी से सुधार हो रहा है.

तीन साल से बिस्तर पर थीं, लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी नहीं मिला इलाज
बिंदु देवी के परिजनों के मुताबिक, ट्यूमर की वजह से उनके दोनों हाथों की ताकत लगभग खत्म हो गई थी. धीरे-धीरे पैरों में भी कमजोरी बढ़ने लगी और वह लंबे समय से बिस्तर पर थीं. इलाज के लिए उन्हें बीएचयू वाराणसी, पटना के कई बड़े अस्पतालों और एजीपीजीआई सहित विभिन्न संस्थानों में ले जाया गया. करीब 7 से 8 लाख रुपये खर्च करने के बावजूद उन्हें स्थायी राहत नहीं मिल सकी.

सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने उठाया चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन का जिम्मा
बाद में बिंदु देवी को रांची सदर अस्पताल के न्यूरोसर्जरी विभाग में भर्ती कराया गया. जांच में पता चला कि ट्यूमर सर्वाइकल स्पाइनल कॉर्ड के अंदर स्थित है. न्यूरोसर्जन डॉ. विकास ने बताया कि इस तरह की सर्जरी बेहद चुनौतीपूर्ण होती है, क्योंकि ऑपरेशन के दौरान स्पाइनल कॉर्ड को नुकसान पहुंचने का खतरा बना रहता है. सभी पहलुओं का आकलन करने के बाद ऑपरेशन करने का निर्णय लिया गया.

ऑपरेशन के कुछ दिनों बाद ही लौटने लगी हाथ-पैरों की ताकत
डॉ. विकास और उनकी टीम ने सफलतापूर्वक सर्जरी पूरी की. ऑपरेशन के दो से तीन दिन के भीतर ही मरीज के हाथों और पैरों में ताकत लौटने लगी. अब बिंदु देवी अपने दोनों हाथ सामान्य रूप से उठा पा रही हैं. परिजनों ने इसे नई जिंदगी मिलने जैसा बताया और अस्पताल की टीम का आभार जताया.

इस ऑपरेशन में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. ज्योतिका के साथ रामिज, सोहेल, संजू, अमन, पूनम और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए बड़ी उपलब्धि
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि सदर अस्पताल में इतनी जटिल न्यूरोसर्जरी का सफल होना सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि है. इससे गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों या बड़े निजी अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.



वहीं, अस्पताल के डीएस डॉ. विमलेश सिंह ने कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है. उन्होंने कहा कि जटिल मरीजों को समय पर विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराना अस्पताल की प्राथमिकता है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !