West Bengal Raid: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मोहम्मद बाजार इलाके में पुलिस और सीआईडी ने मिलकर एक बंद घर से बहुत सारा सोना और नकदी बरामद की है. यह घर पूर्व सरकारी बस चालक मीनार मंडल का है, जिसे पत्थर कारोबारी टुलु मंडल का करीबी रिश्तेदार बताया जा रहा है.
सूत्रों के अनुसार, मंगलवार देर रात घर को घेरकर कार्रवाई शुरू की गई. पुलिस और सीआईडी की टीमें कई वाहनों के साथ मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को घेर लिया. बुधवार सुबह करीब छह बजे तलाशी अभियान शुरू हुआ, जो कई घंटों तक चला.
इस छापेमारी में करीब 15 किलोग्राम सोना और 5.5 करोड़ रुपये से ज्यादा की नकदी बरामद हुई है. सोने की अनुमानित कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है. पुलिस का कहना है कि बरामद संपत्ति का अंतिम मूल्यांकन और गिनती अभी जारी है. नकदी की मात्रा इतनी ज्यादा थी कि नोट गिनने के लिए मशीनें मंगानी पड़ी. घर से मिले नोटों के बंडलों की गिनती में कई घंटे लग गए.
मीनार मंडल पहले सरकारी बस चालक था, लेकिन बाद में उसने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली और पत्थर कारोबार में कदम रखा. पुलिस को संदेह है कि अवैध खनन और वसूली से अर्जित धन को उसके घर में छिपाकर रखा गया था, ताकि किसी को उस पर संदेह न हो.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नकदी और सोने का सीधा संबंध फरार पत्थर कारोबारी टुलु मंडल और उसके कथित नेटवर्क से है या नहीं. टुलु मंडल का नाम पहले भी कई मामलों में सामने आ चुका है और उसे तृणमूल कांग्रेस के नेता अनुब्रत मंडल का करीबी माना जाता है. चुनाव बाद हुई हिंसा सहित कई मामलों के बाद से वह फरार बताया जाता है.
इस कार्रवाई के बाद बीरभूम में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है. विपक्षी नेताओं ने पत्थर खनन और राजस्व व्यवस्था में भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस फिलहाल बरामद संपत्ति के स्रोत, उससे जुड़े लोगों और पूरे नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है.