Tatanagar Railway Station: ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) ने संयुक्त अभियान चलाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. यह कार्रवाई रेलवे के "ऑपरेशन यात्री सुरक्षा" अभियान के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर की गई.
मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल और रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के निर्देश पर बुधवार रात टाटानगर स्टेशन और ट्रेनों में संयुक्त गश्ती अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान ट्रेन संख्या 18615 हावड़ा–हटिया क्रिया योगा एक्सप्रेस के जनरल कोच से दो युवक चलती ट्रेन से प्लेटफॉर्म पर कूदकर तेजी से भागते दिखाई दिए. उनकी संदिग्ध गतिविधि देखकर ड्यूटी पर तैनात जवान सतर्क हो गए.
CCTV की मदद से तीनों आरोपियों को दबोचा
घटना के बाद RPF टीम ने स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और दोनों संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की. कुछ ही देर बाद दोनों युवक अपने एक अन्य साथी के साथ प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर घूमते मिले. संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर तीनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में आरोपियों की पहचान समीर मुखी (20) और शेखर सिंह उर्फ पाजी (20) और के रूप में हुई. वहीं एक नाबालिग को भी गिरफ्तार किया गया है.