Jharkhand News : पूर्वी सिंहभूम के डुमरिया प्रखंड में लगभग 10 करोड़ रुपये के खर्च से 30 बेड का नया अस्पताल बन गया है। इसका उद्घाटन 15 अगस्त से पहले किया जाएगा। यह जानकारी पोटका विधायक संजीव सरदार ने अस्पताल के निरीक्षण के दौरान दी। उन्होंने अस्पताल के परिसर का जायजा लिया और निर्माण कार्य और तैयारियों की समीक्षा की।
10 पंचायतों के लोगों को मिलेगा सीधा फायदा
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि अस्पताल खुलने के बाद डुमरिया प्रखंड की 10 पंचायतों के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने बताया कि अब इलाज के लिए लोगों को दूर के अस्पताल जाने की जरूरत नहीं होगी और स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज मिल सकेगा।

अस्पताल में जल्द बिजली आएगी, शव वाहन भी मिलेगा
विधायक ने बताया कि अस्पताल में बिजली के लिए 9.5 लाख रुपये के खर्च से काम हो रहा है, जो अंतिम चरण में है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने कहा कि अस्पताल तक बिजली की आपूर्ति शुरू करने और ट्रांसफॉर्मर तक भूमिगत केबल बिछाने का काम एक सप्ताह के भीतर पूरा हो जाएगा। इसके अलावा विधायक ने अस्पताल के लिए शव वाहन उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।
15 अगस्त से पहले अस्पताल जनता को समर्पित किया जाएगा
संजीव सरदार ने कहा कि विधानसभा के मानसून सत्र के बाद 15 अगस्त से पहले अस्पताल का उद्घाटन कर इसे लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल के जल्द संचालन शुरू कराना उनकी प्राथमिकता है, ताकि लोग बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पा सकें।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ निलेश कुमार मुर्मू, सीएचसी प्रभारी डॉ. पाराव माझी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी मनीष बारी, मिर्ज़ा सोरेन, भगत बास्के सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।