Ranchi News : झारखंड मेडिकल एंड हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एंड प्रोक्योरमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JMHIDPCL) की बोर्ड बैठक में राज्य के सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में तय किया गया कि जिन सदर अस्पतालों में सरकारी स्तर पर सभी आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध हो चुकी हैं, वहां पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर संचालित निजी पैथोलॉजी सेवाएं बंद कर दी जाएंगी।
सरकारी लैब को मिलेगा बढ़ावा, सहिया कार्यकर्ताओं को टैब और स्कूटी देने पर चर्चा
बोर्ड का मानना है कि जिन अस्पतालों में सरकारी पैथोलॉजी लैब पूरी तरह सक्षम हो चुकी हैं, वहां निजी एजेंसियों के माध्यम से जांच सेवाएं संचालित करने की आवश्यकता नहीं है। इस निर्णय का उद्देश्य सरकारी जांच सुविधाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है।
बैठक में राज्य की सहिया कार्यकर्ताओं को कार्य में सुविधा प्रदान करने के लिए टैबलेट और स्कूटी उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा विभागीय कार्यों को डिजिटल रूप से मजबूत बनाने के लिए लैपटॉप खरीदने के प्रस्ताव को कैबिनेट के पास भेजने का निर्णय लिया गया।
JMHIDPCL में बनेंगे 20 नए पद
बोर्ड ने JMHIDPCL को और अधिक सशक्त बनाने के लिए 20 नए पदों के सृजन की अनुशंसा की है। साथ ही विभिन्न इकाइयों में कार्यरत आउटसोर्स कंप्यूटर ऑपरेटरों की आवश्यकता की समीक्षा करने का भी निर्णय लिया गया, ताकि मानव संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।