Ranchi News : रांची स्थित रिनपास के प्रभारी निदेशक डॉ. जयति सिमलाई को पद से हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस सचिव एवं सिल्ली विधानसभा प्रभारी मदन कुमार महतो ने किया। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मृदुल राज, रांची जिला कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष रोहित कुमार साहू, जिला कांग्रेस सचिव मिथिलेश तिवारी, पंकज वर्मा, राजेश कुमार सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।
ज्ञापन में रिनपास से जुड़े कथित वित्तीय और प्रशासनिक मामलों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि संस्थान की खरीद प्रक्रिया, वित्तीय लेन-देन, मरीजों की भर्ती तथा निजी कंपनियों के प्रचार-प्रसार से जुड़े मामलों की भी विस्तृत जांच होनी चाहिए।
मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में पारदर्शिता जरूरी, मंत्री ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि रिनपास राज्य का प्रमुख मानसिक स्वास्थ्य संस्थान है, इसलिए वहां प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है। नेताओं ने मांग की कि जांच पूरी होने तक किसी सक्षम और निष्पक्ष अधिकारी को संस्थान का प्रभारी निदेशक नियुक्त किया जाए, ताकि जांच प्रक्रिया प्रभावित न हो।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने प्रतिनिधिमंडल को मामले पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई कि सरकार शिकायतों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगी।