Hazaribagh: हजारीबाग के चौपारण थाना पुलिस ने अवैध हथियार और संदिग्ध आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। सियरकोनी स्थित गोंगी होटल में छापेमारी कर पुलिस टीम ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई हजारीबाग पुलिस अधीक्षक (SP) को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
हथियार और गाड़ियां बरामद
पुलिस को सूचना मिली थी कि गोंगी होटल में कुछ संदिग्ध अवैध हथियारों के साथ ठहरे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के सत्यापन के बाद बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अक्षय यादव (21 वर्ष), प्रिंस कुमार (19 वर्ष) और करण राज (19 वर्ष) को पकड़ा गया। तलाशी में उनके पास से एक देशी रिवॉल्वर, 7.65 एमएम की तीन जिंदा गोलियां, तीन मोबाइल, एक डिजायर कार और एक बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की गई।
बिहार के गया में भी दर्ज हैं गंभीर मामले, जांच में जुटी टीम
पकड़े गए आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है ताकि हथियारों के स्रोत और उनकी भावी योजना का पता लगाया जा सके। पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रिंस कुमार और अक्षय यादव के खिलाफ बिहार के गया जिले के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं, जबकि तीसरे आरोपी करण राज के आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है।
अभियान में शामिल अधिकारी
छापेमारी टीम में बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार झा, पुलिस अधिकारी कुमार प्रभात, कुशाल किशोर, दिव्य प्रकाश और एएसआई कुमार महतो समेत सशस्त्र बल के जवान मौजूद थे। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों की रोकथाम के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।