Sonari Chain Snatching: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम को दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. यह घटना तब हुई जब बदमाश एक महिला के गले से सोने की चेन छीनकर भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनकी बाइक अचानक एक अन्य वाहन से टकरा गई. इसके बाद दोनों आरोपी अपनी बाइक वहीं छोड़कर भाग गए.
महिला बैंक से लौट रही थी
महिला शुक्रवार शाम करीब साढ़े 4 बजे बैंक से एटीएम कार्ड से जुड़ा काम निपटाकर एच रोड से ए रोड की ओर पैदल जा रही थीं. उस समय रास्ता अपेक्षाकृत सुनसान था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक महिला का पीछा कर रहे थे. इनमें से एक युवक पैदल महिला के करीब पहुंचा और अचानक उनके गले से सोने की चेन झपट ली. वहीं, दूसरा युवक काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार होकर पहले से तैयार खड़ा था.
भागने के दौरान हुआ हादसा, बाइक छोड़ गए बदमाश
चेन छीनने के बाद दोनों आरोपी बाइक से भागने लगे. इसी दौरान उनकी पल्सर बाइक सामने से आ रहे एक वाहन से टकरा गई. हादसे के बाद दोनों युवक बाइक मौके पर ही छोड़कर पैदल भाग गए.
घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से काले रंग की पल्सर बाइक जब्त कर ली है और उसके आधार पर आरोपियों की पहचान में जुट गई है.