PM Modi Andhra Pradesh: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले स्थित भोगापुरम से राज्य के लिए विकास योजनाओं का बड़ा पिटारा खोला. शनिवार को आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 17,900 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और आधारशिला रखी. इस सौगात में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, राज्य की पहली सेमीकंडक्टर विनिर्माण इकाई, बिजली पारेषण परियोजनाएं और कई राष्ट्रीय राजमार्ग शामिल हैं.
भोगापुरम ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट का आधिकारिक उद्घाटन
विजयनगरम के भोगापुरम में 5,640 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित नए ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट का प्रधानमंत्री ने आधिकारिक उद्घाटन किया. यह आधुनिक हवाई अड्डा सालाना लगभग 60 लाख यात्रियों को संभालने में सक्षम है. यात्रियों के अनुभव को बेहतर और झंझट-मुक्त बनाने के लिए टर्मिनल पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), बायोमेट्रिक एंट्री और ऑटोमेटेड पैसेंजर हैंडलिंग जैसी अत्याधुनिक तकनीकों को तैनात किया गया है.
विशाखापत्तनम में रखी गई राज्य के पहले सेमीकंडक्टर प्लांट की नींव
तकनीक और उच्च विनिर्माण क्षेत्र में आंध्र प्रदेश को अग्रणी बनाने के उद्देश्य से विशाखापत्तनम में राज्य की पहली सेमीकंडक्टर निर्माण इकाई की आधारशिला रखी गई. 460 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से बनने वाला यह प्लांट आंध्र प्रदेश को वैश्विक और राष्ट्रीय सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन में एक मजबूत पहचान दिलाने का काम करेगा.
बिजली और सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को मिला बड़ा बूस्ट
क्षेत्र में हरित ऊर्जा नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 5,550 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली “कुरनूल 4 रिन्यूएबल एनर्जी जोन पावर ट्रांसमिशन लाइन””का शिलान्यास किया गया. इसके साथ ही 3,550 करोड़ रुपये और 820 करोड़ रुपये की अन्य विद्युत संरचना परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया गया. वहीं, राज्यों के बीच निर्बाध सड़क संपर्क सुनिश्चित करने के मकसद से 1,880 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी संपन्न हुआ.
औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद
विशेषज्ञों और प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि इन बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं से राज्य में भारी औद्योगिक निवेश आकर्षित होगा. एविएशन, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन एनर्जी और ट्रांसपोर्टेशन सेक्टर में हुए इस विस्तार से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को तेज गति मिलेगी.