Ranchi News : राजधानी रांची में जुलाई माह के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। ट्रैफिक पुलिस ने पूरे महीने में 1,20,197 चालान जारी किए, जिनमें सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को अकेले 3,847 चालान काटे गए। इनमें 2,158 चालान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के, जबकि 1,430 चालान नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने के मामलों में जारी किए गए। इसके अलावा रेड लाइट जंप करने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
फर्जी नंबर प्लेट लगाने वालों पर होगी FIR, वाहन भी होगा जब्त
यातायात पुलिस ने नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दूसरे वाहन का पंजीकरण नंबर (नंबर प्लेट) लगाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, ऐसे मामलों में संबंधित वाहन को जब्त करने के साथ-साथ चालक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।