Current News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में नवनिर्मित अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और केंद्र सरकार की विभिन्न परियोजनाओं पर प्रकाश डाला।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले देश में बनने वाले अधिकांश हवाई अड्डों का नाम एक ही परिवार तक सीमित रखा जाता था, लेकिन उनकी सरकार ने इस परंपरा को बदलते हुए स्वतंत्रता सेनानियों, संतों और महापुरुषों के सम्मान में सार्वजनिक परिसंपत्तियों का नामकरण करने की पहल की है। उन्होंने कहा कि अयोध्या एयरपोर्ट को महर्षि वाल्मीकि, पंजाब में एक एयरपोर्ट को संत रविदास और भोगपुरम के नए एयरपोर्ट को महान स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू के नाम से जोड़ा गया है।
₹5,640 करोड़ की लागत से बना ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, उत्तर आंध्र की अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
प्रधानमंत्री ने बताया कि लगभग ₹5,640 करोड़ की लागत से निर्मित यह ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट उत्तर आंध्र प्रदेश के आर्थिक विकास को नई गति देगा। उन्होंने इसे युवाओं के लिए "ग्रोथ का रनवे" और "बेहतर भविष्य का लॉन्च पैड" बताया।
उन्होंने कहा कि यह अत्याधुनिक एयरपोर्ट प्रतिवर्ष लगभग 60 लाख यात्रियों की आवाजाही को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। इसके टर्मिनल का डिज़ाइन आंध्र प्रदेश की पारंपरिक चुट्टिलु शैली, अराकू वैली और फ्लाइंग फिश से प्रेरित है।
प्रधानमंत्री ने ब्लू इकोनॉमी को मजबूत करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि विशाखापत्तनम से कृष्णापट्टनम तक पूरे तटीय क्षेत्र को आर्थिक कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने बताया कि आंध्र प्रदेश में लगभग ₹18,000 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है, जिनमें हवाई अड्डा, सड़क संपर्क, ऊर्जा सुरक्षा और आधारभूत ढांचे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।