Ranchi News: रांची के खेलगांव थाना से पुलिस हिरासत से फरार हुआ 21 वर्षीय आरोपी मोहम्मद असफाक अंसारी उर्फ असफाक आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया. आरोपी चोरी और आपराधिक साजिश के मामले में गिरफ्तार किया गया था. उसके फरार होने की घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था.
फरारी के बाद अफसरों ने लिया सख्त फैसला
घटना को गंभीर मानते हुए रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने तत्काल कार्रवाई की. ड्यूटी पर मौजूद ओडी प्रभारी शिवनंदन कुमार और एक आरक्षी को निलंबित कर दिया गया. वहीं पूरे मामले में थाना प्रभारी की भूमिका की भी जांच कर रिपोर्ट मांगी गई है.
जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई की दोपहर आरोपी लगातार बाथरूम जाने की मांग कर रहा था. इसके बाद पुलिसकर्मी उसे हाजत से निकालकर बाथरूम ले गए. कुछ देर बाद जब अंदर से कोई हलचल नहीं हुई तो दरवाजा खोला गया. अंदर आरोपी नहीं मिला और वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो चुका था.
वेंटिलेटर से भागने की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी बाथरूम के वेंटिलेटर के रास्ते बाहर निकला हो सकता है. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया. बाद में पुलिस ने उसे फिर से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कैसे भागा और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई. पूरे मामले की जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो.