Current News : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने परिसीमन (Delimitation) को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संसद में परिसीमन विधेयक लाने की तैयारी कर रही है और इसका उद्देश्य लोगों के राजनीतिक अधिकारों को कमजोर करना है।
राहुल गांधी ने कहा कि विशेष रूप से तमिलनाडु के संदर्भ में परिसीमन का अर्थ राज्य की राजनीतिक ताकत को कम करना है। उन्होंने इसे भाजपा और आरएसएस की साजिश बताते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति परिसीमन का समर्थन करेगा, वह तमिलनाडु और उसके भविष्य के साथ विश्वासघात करेगा।
हर तमिल व्यक्ति से परिसीमन का विरोध करने की अपील
राहुल गांधी ने कहा कि परिसीमन का समर्थन करने वाला व्यक्ति "21वीं सदी का एट्टप्पन (गद्दार)" है। उन्होंने सभी तमिल नागरिकों, क्षेत्रीय दलों और राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टियों से संसद के भीतर और बाहर परिसीमन का विरोध करने की अपील की।
राहुल गांधी शनिवार को तमिलनाडु पहुंचे थे। उन्होंने मामल्लापुरम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के लिए 23 जुलाई से 1 अगस्त तक आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह को संबोधित किया। इस कार्यक्रम की जानकारी कांग्रेस महासचिव एवं तमिलनाडु प्रभारी गुलाम अहमद मीर और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बी. मणिक्कम टैगोर ने दी।