Dhanbad News : सरायढेला थाना क्षेत्र के जगजीवन नगर में 24 वर्षीय करण राम की पीट-पीटकर हत्या के मामले में धनबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कन्हाई लाल भट्टाचार्य और शिव प्रकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।
रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में धनबाद डीएसपी (विधि-व्यवस्था) प्रकाश सोय ने बताया कि मृतक के परिजनों ने पड़ोस के कुछ युवकों पर मारपीट का आरोप लगाया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
चोरी के शक में हुई थी पिटाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
डीएसपी के अनुसार, पूछताछ में आरोपी कन्हाई लाल भट्टाचार्य ने स्वीकार किया कि करण राम कथित तौर पर चोरी की नीयत से एक घर में घुसा था। घरवालों की नींद खुलने पर उसे पकड़ लिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और मारपीट में शामिल हो गए। गंभीर रूप से घायल करण राम को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल और आरोपियों से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर लोहे की रॉड और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय मौके पर कितने लोग मौजूद थे और मारपीट में किस-किस की भूमिका रही। उन्होंने बताया कि मृतक करण राम पहले भी चोरी के एक मामले में जेल जा चुका था और उसका आपराधिक इतिहास रहा है। हालांकि, वर्तमान मामले की जांच केवल उपलब्ध साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर की जा रही है तथा सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।