Deoghar News : श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा टीम ने घोरमारा क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा उड़नदस्ता दल ने विभिन्न पेड़ा दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान माँ दुर्गा पेड़ा भंडार, संदीप पेड़ा शॉप, पीहू पेड़ा भंडार तथा आशीष फास्ट फूड में स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता, निर्माण एवं भंडारण व्यवस्था तथा खाद्य सुरक्षा लाइसेंस की जांच की गई। सभी दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
मिलावटी खाद्य कारोबारियों पर होगी सख्त कार्रवाई
अभियान के दौरान पहले जब्त किए गए ओमजी पेड़ा भंडार के 1060 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा को जेसीबी मशीन की मदद से नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेला की पूरी अवधि में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।
लाइसेंस लेकर ही करें कारोबार, संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना देने की अपील
विभाग ने चेतावनी दी है कि मिलावटी, अवमानक या असुरक्षित खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री में संलिप्त पाए जाने वाले कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही सभी खाद्य कारोबारियों से केवल मानक अनुरूप खाद्य पदार्थों का निर्माण और विक्रय करने, स्वच्छता के सभी नियमों का पालन करने तथा बिना वैध खाद्य सुरक्षा लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन के कारोबार नहीं करने की अपील की गई है। विभाग ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से भी अनुरोध किया है कि किसी भी संदिग्ध, मिलावटी या असुरक्षित खाद्य पदार्थ की जानकारी तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।