Jamshedpur Job Fair: नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. एलबीएसएम कॉलेज में 4 अगस्त को मेगा अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा. यह मेला क्वैस कॉर्प लिमिटेड, ए-डिजिटल इंडिया और कॉलेज के प्लेसमेंट सेल के संयुक्त सहयोग से आयोजित होगा. इसमें टाटा मोटर्स, एमआरएफ लिमिटेड और भूत ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड जैसी बड़ी कंपनियां युवाओं का चयन करेंगी.
इन अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका
रोजगार मेले में 18 से 28 वर्ष तक के मैट्रिक, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक पास युवा शामिल हो सकते हैं. चयनित उम्मीदवारों को प्रशिक्षण, स्टाइपेंड और अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी.
ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी
अभ्यर्थियों को अपना रिज्यूम, सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की मूल और छायाप्रति तथा आधार कार्ड साथ लाना होगा. झारखंड से बाहर नौकरी के लिए चयनित युवाओं का सरकारी नियमों के अनुसार रजिस्ट्रेशन और अन्य जरूरी प्रक्रिया भी पूरी कराई जाएगी.
टाटा मोटर्स में अप्रेंटिस बनने का मौका
टाटा मोटर्स अपने जमशेदपुर और साणंद प्लांट के लिए 12वीं और आईटीआई पास युवाओं का चयन करेगी. 18 से 23 वर्ष तक के चयनित उम्मीदवारों को 17,149 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा. इसके अलावा परिवहन, भोजन, यूनिफॉर्म, मेडिकल सुविधा और वार्षिक बोनस भी दिया जाएगा.
एमआरएफ लिमिटेड में ट्रेनिंग के साथ स्टाइपेंड
एमआरएफ लिमिटेड गुजरात के दहेज प्लांट के लिए युवाओं का चयन करेगी. चयनित उम्मीदवारों को 18 हजार से 21 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा. साथ ही रहने, परिवहन, कैंटीन, बीमा और इंडस्ट्री ट्रेनिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी.
भूत ट्रांसमिशन में भी होगी भर्ती
भूत ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड अपने छत्रपति संभाजीनगर प्लांट के लिए ट्रेनी और ऑपरेटर पदों पर भर्ती करेगी. इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार मेले में पहुंचकर चयन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं.