JPSC-JSSC Protest : झारखंड में जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी सीजीएल (JSSC CGL) परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के विरोध में राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह और धरना जारी है। आंदोलन में शामिल सैकड़ों छात्रों को विभिन्न सामाजिक संगठनों और आम लोगों की ओर से भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
छात्रों के समर्थन में झारखंड ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों के लोग भी ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप के माध्यम से भोजन भेज रहे हैं। वहीं, शंकरा हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन की ओर से धरनास्थल पर छात्रों को प्रतिदिन दो समय निःशुल्क भोजन कराया जा रहा है।
चार प्रमुख मांगें पूरी होने पर आंदोलन समाप्त करने की बात
धरना दे रहे छात्रों का कहना है कि सरकार उनकी चार प्रमुख मांगें स्वीकार कर ले, तो वे आंदोलन समाप्त कर देंगे। छात्रों की मांगों में 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा रद्द कर पुनः परीक्षा आयोजित करना, जेपीएससी और जेएसएससी की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराना, पारदर्शी परीक्षा कैलेंडर जारी कर समयबद्ध और निष्पक्ष परीक्षाएं आयोजित करना तथा अभ्यर्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई शामिल है।
छात्रों ने यह भी मांग की है कि पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों को रोकने के लिए बने सख्त कानून का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।