Dishom Guru Shibu Soren: रामगढ़ जिले के बरलंगा स्थित नेमरा गांव में मंगलवार को दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 40 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे. कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं.
डीसी-एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
सोमवार को रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने नेमरा स्थित लूकैया टांड़ पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने चल रही तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
विकास मेला और पारितोषिक वितरण भी होगा
प्रथम पुण्यतिथि कार्यक्रम के दौरान श्रद्धांजलि सभा के साथ विकास मेला सह पारितोषिक वितरण कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा. प्रशासन ने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं.
सुरक्षा के लिए बनाए गए चार जोन
कार्यक्रम को देखते हुए पूरे क्षेत्र को जोन-1, जोन-2, जोन-3 और जोन-4 में विभाजित किया गया है. एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि चुटूपालू घाटी से नेमरा गांव तक मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है. वहीं गोला डीबीसी चौक से नेमरा के बीच पड़ने वाले सभी फाटकों को पूरी तरह खाली रखने के निर्देश दिए गए हैं.
परिवार पारंपरिक रीति-रिवाज से देगा श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बसंत सोरेन, कल्पना सोरेन सहित परिवार के अन्य सदस्य पारंपरिक सामाजिक रीति-रिवाज के साथ दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. श्रद्धांजलि के लिए उनके समाधि स्थल नाड़ी दरहा, नेमरा तक सड़क का भी निर्माण कराया गया है.