Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-04

Jamshedpur Crime News: बर्मामाइंस गोलीकांड में आफताब की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी समद और कुलसुम गिरफ्तार; रेकी की स्कूटी जब्त

Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के रेलवे कंटेनर यार्ड के पास हुई गोलीबारी में घायल मोहम्मद आफताब आलम की इलाज के दौरान मौत के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मामले के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी मो. समद और कुलसुम बीबी को कैरेज कॉलोनी स्थित उनके घर से गिरफ्तारी हुई है. दोनों की निशानदेही पर वारदात से पहले रेकी में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की नीले-काले रंग की स्कूटी भी बरामद कर ली गई है. हालांकि मामले के अन्य आरोपियों की तलाश में अब भी लगातार छापेमारी जारी है. बता दें कि कुलसुम बीबी मुख्य आरोपी शाहरुख की पत्नी है.

गोली लगने के बाद इलाज के दौरान हुई थी आफताब की मौत

बता दें कि रविवार की रात रेलवे कंटेनर यार्ड के पास मोहम्मद आफताब आलम पर जानलेवा हमला किया गया था. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इलाज के दौरान मंगलवार तड़के कोलकाता में उनकी मौत हो गई. घटना के बाद बर्मामाइंस थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.

एसआईटी गठित कर शुरू की गई जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) और पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. जांच के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कैरेज कॉलोनी स्थित एक घर में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया.

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मो. समद के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. उसके विरुद्ध बर्मामाइंस थाना में हत्या के प्रयास, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं. इसके अलावा वर्ष 2009 में पश्चिमी सिंहभूम के बंदगांव थाना क्षेत्र में डकैती के एक मामले में भी उसका नाम सामने आ चुका है.

आफताब की मौत के बाद भड़का था विरोध
गौरतलब है कि मोहम्मद आफताब आलम की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने बर्मामाइंस थाना के बाहर प्रदर्शन किया था. उन्होंने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, एनकाउंटर और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम दिया था. परिजनों ने चेतावनी दी थी कि जब तक आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे.

पुलिस ने घटनास्थल से पहले ही 13 खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया था. मामले में मृतक की पत्नी की शिकायत पर 11 नामजद और कई अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !