Seraikela: राष्ट्रीय गैर संचारी रोग कार्यक्रम के तहत सोमवार को सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, सरायकेला में मुख एवं दंत स्वास्थ्य जांच सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं को राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम और राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत भी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
120 छात्राओं के स्वास्थ्य की हुई जांच
शिविर में सदर अस्पताल सरायकेला की दंत चिकित्सक और दंत स्वास्थ्य विज्ञानी की टीम ने 120 छात्राओं के मुख एवं दांतों की जांच की। जांच के बाद विशेषज्ञों ने छात्राओं को नियमित रूप से दांतों की सफाई करने, सही तरीके से ब्रश करने, संतुलित आहार लेने और दंत रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने कहा कि मुख संबंधी बीमारियों की शुरुआती पहचान होने पर समय पर इलाज संभव है। इसलिए नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता पर ध्यान देना जरूरी है।
तंबाकू सेवन के नुकसान बताए
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के परामर्शी ने छात्राओं को तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभावों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि गुटखा, खैनी, पान मसाला, बीड़ी और सिगरेट जैसे उत्पादों के सेवन से मुख कैंसर, फेफड़ों का कैंसर और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। छात्राओं से खुद तंबाकू से दूर रहने और अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी दी जानकारी
शिविर में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र का भी आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, तनाव और अन्य मानसिक समस्याओं के सामान्य लक्षणों की पहचान तथा समय पर उपचार लेने के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और छात्राओं को तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सदर अस्पताल के चिकित्सक, एनटीसीपी के परामर्शी, समाजसेवी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य कर्मी मौजूद रहे।