Adityapur Big News: सरायकेला-खरसावां पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर करीब 40 युवाओं को साइबर ठगों के जाल में फंसने से बचा लिया. गुप्त सूचना के आधार पर आदित्यपुर थाना पुलिस ने शहर के एक होटल समेत अन्य होटलों में छापेमारी की. जांच के दौरान सामने आया कि युवाओं को सोशल मीडिया के जरिए आसान कमाई का लालच देकर बुलाया गया था.
पुलिस के अनुसार, ठगों ने फेसबुक, एक्स (पूर्व में ट्विटर) और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं से संपर्क किया था. उन्हें बताया गया कि उनके बैंक खातों में पैसे भेजे जाएंगे और बदले में 6 से 10 प्रतिशत तक कमीशन मिलेगा. होटल की बुकिंग भी किसी अज्ञात व्यक्ति ने ऑनलाइन कराई थी.
कई राज्यों के युवा पहुंचे थे
जांच में पता चला कि 30 जुलाई से अलग-अलग होटलों में कई युवा ठहरे हुए थे. इनमें जमशेदपुर के बागबेड़ा के चार युवक भी शामिल थे. इसके अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड के विभिन्न जिलों से आए छात्र और युवा भी मौजूद थे.
जांच के बाद सभी को छोड़ दिया गया
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच के दौरान नौ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था. तकनीकी जांच और पूछताछ में उनके खिलाफ साइबर अपराध से जुड़ा कोई सबूत नहीं मिला. इसके बाद सभी को सम्मानपूर्वक छोड़ दिया गया.
पुलिस का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो ये युवा अनजाने में किसी बड़े साइबर गिरोह का हिस्सा बन सकते थे. जांच पूरी होने के बाद सभी युवाओं को सुरक्षित उनके परिवारों के पास भेज दिया गया.
पुलिस ने युवाओं को किया सतर्क
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले आसान कमाई, कमीशन या बैंक खाते के इस्तेमाल जैसे किसी भी ऑफर पर भरोसा न करें. ऐसे मामलों में पहले पूरी जानकारी लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.
युवाओं की रिहाई के बाद, IYC के पोटका विधानसभा उपाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने युवाओं को किसी भी प्रकार के ऑनलाइन फ्रॉड, अवैध गतिविधियों और फर्जी योजनाओं (स्कैम) के बहकावे में न आने की सख्त सलाह दी। उन्होंने तमाम युवा साथियों से अपील करता किया कि किसी भी प्रकार के स्कैम या साइबर ठगी के बहकावे में न आएं। यह एक ऐसा खतरनाक दलदल है, जिसमें एक बार फंसने के बाद बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो जाता है। अपने भविष्य को सुरक्षित रखें और किसी भी तरह के अल्पकालिक लालच का शिकार न बनें।"