Seraikela: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सुरक्षा बलों की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुल 22 लाख रुपये के इनामी तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सलियों में 15 लाख रुपये का इनामी मदन महतो, 5 लाख रुपये का इनामी रवि सरदार और 2 लाख रुपये की इनामी मीणा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मीणा रवि सरदार की पत्नी है।
AK-47, पिस्टल और अन्य सामान बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार नक्सलियों के कब्जे से एक AK-47 राइफल, एक पिस्टल तथा अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। बरामद हथियारों को जब्त कर लिया गया है।
गुप्त सूचना पर चलाया गया अभियान
पुलिस के मुताबिक, तीनों नक्सलियों के इलाके में मौजूद होने की गुप्त सूचना मिलने के बाद संयुक्त सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर विशेष तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
संगठन के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार नक्सली लंबे समय से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय थे और कई मामलों में वांछित थे। अब पुलिस उनसे संगठन के नेटवर्क, हथियारों की आपूर्ति और अन्य सहयोगियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से सरायकेला-खरसावां और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। साथ ही नक्सल विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।