Jharkhand News : भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत आज रांची जिले के सभी मतदान केंद्रों पर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित की जाएगी। इस दौरान प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) मौजूद रहेंगे और मतदाताओं को सूची की जांच एवं आवश्यक प्रक्रिया में सहयोग करेंगे।
जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में नाम, पता, उम्र, लिंग और अन्य विवरण का सत्यापन अवश्य करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि मिलती है, तो समय रहते दावा या आपत्ति दर्ज कराकर अंतिम मतदाता सूची जारी होने से पहले सुधार कराया जा सकता है।
ASDD सूची भी होगी प्रदर्शित, उपायुक्त ने किया सत्यापन का आग्रह
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के साथ मतदान केंद्रों पर ASDD (Absent, Shifted, Dead and Duplicate) यानी अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भी प्रकाशित की जाएगी।
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि सही और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के लिए सभी पात्र मतदाताओं का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपने-अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची का सत्यापन करने और जरूरत पड़ने पर समय पर दावा या आपत्ति दर्ज कराने की अपील की।