BREAKING: गालूडीह बराज से बुधवार को एनआईटी जमशेदपुर के बीटेक चौथे वर्ष के छात्र मीर तनवीर हसन का शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिजनों और कॉलेज के छात्रों में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, मीर तनवीर हसन रविवार को आरआईटी के पास आसंगी स्थित खरकाई नदी के चेकडैम में स्नान करने गए थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना के बाद से एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
तीन दिन बाद गालूडीह बराज से मिला शव
सोमवार से शुरू किए गए सर्च अभियान के तीसरे दिन बुधवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने गालूडीह बराज के पास शव बरामद किया। सूचना मिलने पर परिजन और कॉलेज के छात्र मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मीर तनवीर हसन पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले के निवासी थे और एनआईटी जमशेदपुर में बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र थे
घटना से कैंपस में शोक का माहौल
छात्र की मौत के बाद एनआईटी जमशेदपुर परिसर में शोक का माहौल है। वहीं, छात्रों ने नदी और चेकडैम जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। परिजन भी घटना के बाद से जमशेदपुर में मौजूद थे और प्रशासन के संपर्क में बने हुए थे।