Jamshedpur: जमशेदपुर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा घटना गोलमुरी थाना क्षेत्र के पलार रोड स्थित क्वार्टर नंबर-47 से सामने आई है, जहां अज्ञात बदमाशों ने बंद मकान में घुसकर कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस मामले में न्यू सीतारामडेरा जीएल चर्च स्कूल रोड निवासी वी.वी. सत्यनारायण की शिकायत पर गोलमुरी थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना 2 अगस्त की बताई जा रही है।
घर लौटने पर टूटा मिला ताला, बिखरा पड़ा था सामान
शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना के समय मकान बंद था। जब वह वापस लौटे तो देखा कि घर के अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ है। अलमारी की तलाशी लेने पर पता चला कि उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान गायब हैं। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
20 से 25 हजार रुपये की चोरी का अनुमान
गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन ने बताया कि शुरुआती जांच में करीब 20 से 25 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही घटना में शामिल लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।