Prince Khan Gang: कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गिरोह के फरार सदस्य राहुल राणा के खिलाफ रांची पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे भगोड़ा घोषित करने की तैयारी की जा रही है.
पुलिस ने राहुल राणा के संभावित ठिकाने पर दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 82 के तहत इश्तेहार चस्पा कर दिया है. इश्तेहार के जरिए उसे पुलिस के सामने उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है. तय समय तक पेश नहीं होने पर उसे भगोड़ा घोषित किया जा सकता है. भगोड़ा घोषित होने के बाद पुलिस उसके खिलाफ संपत्ति कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी शुरू कर सकती है.
राहुल राणा का नाम रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित होटल टिटॉस में रंगदारी के लिए हुई हत्या के मामले में सामने आया था. इस केस में प्रिंस खान, मारे जा चुके सुजीत सिन्हा, राहुल राणा, कौशल पांडेय, गोडवीन खान समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया है.
इस मामले में रांची पुलिस ने कोर्ट से गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धाराएं 16, 17, 18, 19 और 20 जोड़ने की अनुमति मांगी थी. अदालत ने पुलिस के आवेदन को स्वीकार करते हुए इन धाराओं के तहत कार्रवाई की मंजूरी दे दी. इसके बाद राहुल राणा, कौशल पांडेय और गिरोह के अन्य सदस्यों को भी यूएपीए के तहत आरोपी बनाया गया.
पुलिस के मुताबिक, शूटरों के बयान के आधार पर राहुल राणा की संलिप्तता सामने आई थी. रंगदारी के लिए हत्या के मामले में नाम आने के बाद से वह फरार है. रांची सिविल कोर्ट उसकी अग्रिम जमानत याचिका भी पहले ही खारिज कर चुका है.
इधर, दो दिन पहले झारखंड के कुख्यात अपराधी और प्रिंस खान गिरोह के प्रमुख रणनीतिकार माने जाने वाले सुजीत सिन्हा के पुलिस एनकाउंटर में मारे जाने के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों पर भी पुलिस का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है.