Jamshedpur News: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सिपाही के मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से अफरा-तफरी मच गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन में पदस्थापित बाबू लाल नामक सिपाही पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक तनाव में था. समय रहते पुलिसकर्मियों और उसके साथियों ने समझाइश देकर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया.
थाना के सामने मोबाइल टावर पर चढ़ा सिपाही
जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन में तैनात सिपाही बाबू लाल कथित तौर पर लंबे समय से पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक तनाव में था. इसी दौरान वह सीतारामडेरा थाना के सामने स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया.
समझाइश के बाद सुरक्षित उतारा गया
घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना की पुलिस और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. काफी देर तक बातचीत और समझाने-बुझाने के बाद सिपाही को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. पुलिसकर्मियों की तत्परता से किसी अप्रिय घटना को टाल दिया गया.
सिपाही को नीचे उतारने के बाद उसकी स्वास्थ्य जांच कराई गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह मानसिक तनाव में था. पुलिस पारिवारिक विवाद के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है. घटना के दौरान थाना परिसर के आसपास बड़ी संख्या में लोग जुट गए थे. सिपाही के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली.