Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-05

East Singhbhum Voter List: पूर्वी सिंहभूम में प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित, 15.11 लाख से अधिक वोटर दर्ज; सुधार के लिए 4 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन

East Singhbhum Voter List: पूर्वी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-2026) की प्रक्रिया अगले चरण में पहुंच गई है. भारत निर्वाचन आयोग ने 5 अगस्त को जिले की प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी है. अब 4 सितंबर 2026 तक नागरिक अपने नाम जुड़वाने, हटवाने, संशोधित कराने या दूसरे मतदान केंद्र में स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे. संशोधित सूची का अंतिम प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा.

इससे पहले निर्वाचन आयोग ने चरणबद्ध तरीके से पुनरीक्षण अभियान चलाया. 20 से 29 जून के बीच बीएलओ को प्रशिक्षण देने और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का काम हुआ. इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया गया. इसी दौरान जिले के सभी मतदान केंद्रों का रैशनलाइजेशन भी पूरा किया गया, जिसके आधार पर नई प्रारूप सूची तैयार की गई.

जिले में 15 लाख से ज्यादा मतदाता
नई प्रारूप सूची के अनुसार पूर्वी सिंहभूम में कुल 15,11,805 मतदाता दर्ज हैं. इनमें 7,52,533 पुरुष, 7,59,206 महिला और 66 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं. इसके अलावा जिले में 13,441 दिव्यांग मतदाता भी पंजीकृत हैं.

सत्यापन अभियान में लाखों लोगों तक पहुंची टीम
घर-घर सत्यापन के दौरान बीएलओ ने 19,07,244 मतदाताओं का सर्वे किया. इनमें 5,57,321 लोगों ने स्वयं अपना सत्यापन कराया, जबकि 7,53,556 मतदाताओं का सत्यापन उनके परिवार के सदस्यों के माध्यम से पूरा हुआ.

सर्वे के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे नाम भी सामने आए, जिनका सत्यापन नहीं हो सका. इनमें 49,448 मृत, 1,83,558 अनुपलब्ध, 1,45,462 स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर रहने वाले, 3,382 अन्य श्रेणी तथा 13,589 पहले से पंजीकृत मतदाता शामिल हैं.

बढ़े मतदान केंद्र, छह विधानसभा क्षेत्रों में हुआ विस्तार
मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद जिले में 261 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं. पहले जहां कुल 1,922 बूथ थे, अब उनकी संख्या बढ़कर 2,183 हो गई है.
सबसे अधिक नए मतदान केंद्र जमशेदपुर पूर्व (73) में बनाए गए हैं. इसके अलावा पोटका (50), बहरागोड़ा (47), जुगसलाई (45), जमशेदपुर पश्चिम (33) और घाटशिला (13) विधानसभा क्षेत्रों में भी नए बूथ जोड़े गए हैं.

नए मतदाताओं के लिए भी मौका
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन युवाओं की आयु 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरी हो जाएगी और जिनका नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. इसी अवधि में नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन के लिए भी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे.

अगस्त में दो बार लगेंगे विशेष शिविर
दावा और आपत्ति लेने के लिए जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 8-9 अगस्त को पहला विशेष शिविर लगाया जाएगा. इसके बाद 22-23 अगस्त को दूसरा विशेष शिविर आयोजित होगा.

इसके अतिरिक्त 15 अगस्त को पंचायत भवनों और शहरी वार्डों में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक ग्राम सभा और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

फिर घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ
निर्वाचन विभाग ने बताया कि 25 अगस्त से 4 सितंबर तक बीएलओ एक बार फिर घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे. इस दौरान नए मतदाताओं का पंजीकरण, गलत मतदान केंद्र में दर्ज नामों का सुधार, पात्र परिवारजनों का नाम जोड़ने और अन्य दावों का सत्यापन किया जाएगा. अभियान के दौरान प्रत्येक परिवार के घर पर "फैमिली टुगेदर" स्टिकर भी लगाया जाएगा.

शिकायत के लिए कई विकल्प
मतदाता सूची से संबंधित जानकारी लेने, ऑनलाइन आवेदन करने या शिकायत दर्ज कराने के लिए मतदाता 1950 हेल्पलाइन, ECINET मोबाइल ऐप और निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं.



जिला प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर अपने दावे और आपत्तियां दर्ज कराएं, ताकि जिले की अंतिम मतदाता सूची अधिक सटीक और त्रुटिरहित तैयार की जा सके.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !