Ranchi News : झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सदन में शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। इस दौरान दिवंगत नेताओं, समाज की प्रमुख हस्तियों, शहीद जवानों तथा विभिन्न दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को नमन किया।
सदन में पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह, मन्नान मलिक, लक्ष्मण राम, पूर्व विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता और हरि राम, तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल रॉय सहित कई दिवंगत जनप्रतिनिधियों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
शोक प्रस्ताव के दौरान आशा भोसले, बशीर बद्र, तीजन बाई, जसपाल राणा, सुरेश विश्वकर्मा, कृष्ण कुमार महतो और दामू बांड्रा सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मांडू विधायक ने हादसों में मृत लोगों के परिजनों को मुआवजे की मांग उठाई
शोक प्रस्ताव के दौरान मांडू विधायक निर्मल कुमार ने अपने विधानसभा क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं, हाथियों के हमलों, वज्रपात और खदान धंसने जैसी घटनाओं में हुई मौतों का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
शोक प्रस्ताव के समापन पर विधानसभा के सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी।