Jharkhand News : झारखंड की अग्निशमन सेवा को गुरुवार को नई मजबूती मिली। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने धुर्वा स्थित गृह रक्षा वाहिनी परिसर से मिस्ट टेक्नोलॉजी से लैस 58 हाईटेक मिनी वाटर टेंडर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन आधुनिक दमकल वाहनों को राज्य के विभिन्न जिलों के फायर स्टेशनों में तैनात किया जाएगा, ताकि आग लगने की घटनाओं पर तेजी से नियंत्रण पाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नए वाहनों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से उनकी तकनीकी विशेषताओं की जानकारी ली। इस अवसर पर गृह सचिव वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा, डीजी एम.एस. भाटिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
संकरी गलियों तक पहुंच सकेंगे नए दमकल वाहन
डीजी एम.एस. भाटिया ने बताया कि छोटे आकार और आधुनिक तकनीक से लैस ये मिनी वाटर टेंडर संकरी गलियों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। इससे आग लगने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य पहले की तुलना में अधिक तेज और प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

सीएम बोले:- जवानों को आधुनिक संसाधन देना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि कई बार शहरों और ग्रामीण इलाकों में बड़ी दमकल गाड़ियां घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाती हैं। ऐसे में ये आधुनिक वाहन काफी उपयोगी साबित होंगे। उन्होंने कहा कि अग्निशमन विभाग के जवान अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सुरक्षा करते हैं, इसलिए उन्हें अत्याधुनिक संसाधनों से लैस करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इन 58 नए वाहनों के शामिल होने से झारखंड की अग्निशमन व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा आग की घटनाओं पर पहले से अधिक तेजी और प्रभावशीलता के साथ काबू पाया जा सकेगा।