Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक फल विक्रेता पर प्रतिबंधित मांस खाने का आरोप लगा। इमली चौक के पास हुई इस घटना का वीडियो एक ग्राहक द्वारा बनाया गया, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
ग्राहक ने वीडियो बनाकर जताया संदेह
जानकारी के अनुसार, मांझी टोला निवासी एक व्यक्ति गुरुवार दोपहर इमली चौक पर फल खरीदने पहुंचा था। इसी दौरान उसकी नजर एक फल विक्रेता पर पड़ी, जो ठेले के नीचे बैठकर कुछ खा रहा था। ग्राहक ने जब उससे मांस के बारे में पूछा तो विक्रेता ने उसे चिकन बताया। ग्राहक को शक होने पर वह करीब गया। आरोप है कि उसे देखकर विक्रेता घबरा गया और मांस को वहां से फेंक दिया। कुछ देर बाद उसने उसे फिर से उठा लिया। इस दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद युवक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने ठेला जब्त कर शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फल विक्रेता का ठेला जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। बरामद मांस को जांच के लिए भेजा गया है, ताकि उसकी वास्तविकता की पुष्टि हो सके।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
आदित्यपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में बरामद मांस को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी कर रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद कुछ स्थानीय हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।